जमीन विवाद से परेशान वृद्ध ने खाया जहर, मौत के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में जमीन विवाद से परेशान एक वृद्ध ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इलाज के दौरान वृद्ध की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को चौक पर रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कनक पटेल शासकीय जमीन पर बने अपने मकान को लेकर लंबे समय से विवाद का सामना कर रहे थे। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा उन्हें लगातार मकान खाली करने की धमकी दी जा रही थी तथा उनके साथ मारपीट भी की गई थी। इसी तनाव से परेशान होकर उन्होंने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया।
गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोगों ने शव को चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













