90 टन LPG गैस घोटाले का खुलासा, ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स का मालिक फरार
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में करीब 1.5 करोड़ रुपये के LPG गैस घोटाले का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कंपनी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है, जबकि ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स के मालिक और अन्य डायरेक्टर फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 में पुलिस ने 90 मीट्रिक टन LPG से भरे छह गैस कैप्सूल ट्रकों को जब्त किया था। सुरक्षा और हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इन ट्रकों को सुरक्षित रखने के लिए कंपनी को सौंप दिया था। आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने इसी का फायदा उठाकर गैस निकालकर अवैध रूप से बाजार में बेच दी।
जांच में सामने आया कि गैस को रायपुर के अभनपुर स्थित प्लांट में खाली कर निजी टैंकरों और घरेलू व व्यावसायिक सिलेंडरों में भरकर बेचा गया। बाद में कंपनी ने प्रशासन को गैस लीक होने की जानकारी दी, लेकिन जांच में इतनी बड़ी मात्रा में गैस लीक होने की बात गलत पाई गई। दस्तावेजों की जांच में कंपनी द्वारा खरीदी गई गैस से कहीं ज्यादा बिक्री दर्ज मिली।
पुलिस ने मामले में सात टैंकर, चार बुलेट टैंक, 100 सिलेंडर और कई दस्तावेज जब्त किए हैं। कंपनी कर्मचारी निखिल वैष्णव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी संतोष सिंह ठाकुर समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।













