छत्तीसगढ़ में आज भी लू का कहर, 29 मई से मिलेगी राहत; तापमान में आएगी गिरावट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले एक-दो दिन तक हीटवेव की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना है। इसके चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
विदर्भ और छत्तीसगढ़ से लगे इलाकों में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है।













