खंडहर स्कूल भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे, हादसे का मंडरा रहा खतरा
रिपोर्ट के अनुसार बिलासपुर जिले के बिल्हा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत करहीपार में स्कूली बच्चे पिछले तीन वर्षों से जर्जर और खंडहरनुमा स्कूल भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूल की छत और दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है, जिससे बच्चों और शिक्षकों में लगातार भय बना रहता है। इसके बावजूद बच्चों की पढ़ाई उसी भवन में जारी है।
स्थानीय लोगों ने कई बार शिक्षा विभाग और प्रशासन से नए भवन निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी।













