सुशासन तिहार में भड़के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, नायब तहसीलदार को मंच से लगाई फटकार
रायपुर जिले के समोदा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान सांसद Brijmohan Agrawal का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार की कार्यशैली को लेकर शिकायतों की झड़ी लगा दी। लोगों ने राजस्व मामलों में देरी और पैसों के लेन-देन के आरोप लगाए, जिसके बाद सांसद ने मंच से ही अधिकारी को जमकर फटकार लगाई।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बताया कि तहसील कार्यालय में लंबे समय से राजस्व प्रकरण लंबित हैं और काम कराने के लिए परेशान होना पड़ता है। शिकायतें सुनते ही सांसद बृजमोहन अग्रवाल नाराज हो गए और अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने नायब तहसीलदार को कामकाज सुधारने और जनता के साथ व्यवहार ठीक रखने की चेतावनी दी।
सांसद ने मौके पर मौजूद अतिरिक्त कलेक्टर और एसडीएम को निर्देश दिए कि लंबित मामलों की समीक्षा कर तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। कार्यक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।













