जत्रा का प्रसाद खाने से बिगड़ी ग्रामीणों की तबीयत, कई लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित, एक महिला गंभीर
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के ताम्रावंड क्षेत्र में जत्रा का प्रसाद खाने के बाद कई ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रसाद सेवन के बाद लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। बीमार ग्रामीणों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, प्रभावित लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हालत गंभीर होने पर एक महिला को बेहतर इलाज के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंचकर मरीजों की जांच और उपचार में जुट गई है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रसाद के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। वहीं गांव में एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य निगरानी बढ़ा दी गई है।













