गलत मेडिकल रिपोर्ट के बाद थाने में बर्बरता, TI हटाया गया
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को गलत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गर्भवती बताए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों को पूरी रात थाने में बैठाकर उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया और मारपीट की। घटना सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बीमार नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया गया था, जिसमें गलत रिपोर्ट के चलते उसे गर्भवती बताया गया। इसके बाद पुलिस ने परिवार को थाने बुलाया और पूछताछ के नाम पर देर रात तक रोके रखा। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की।
मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए सोमनी थाना प्रभारी (TI) को हटा दिया है। वहीं पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।













