विधायक-तहसीलदार विवाद पर बढ़ा बवाल, गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदेशभर के तहसीलदार हड़ताल पर
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद ने अब प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप ले लिया है। विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ भर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार सामूहिक हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे कई जिलों में राजस्व कार्य प्रभावित हुए हैं।
मामला 27 मई को राजापुर उप-तहसील कार्यालय का है, जहां विधायक और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। वहीं विधायक पक्ष की शिकायत पर नायब तहसीलदार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
राजस्व अधिकारियों का आरोप है कि सरकारी अधिकारी के साथ मारपीट की घटना गंभीर है और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर प्रदेशभर के सैकड़ों तहसीलदार और नायब तहसीलदार कामबंद-कलमबंद हड़ताल पर हैं।
विवाद बढ़ने के बीच विधायक रामकुमार टोप्पो ने खुद गिरफ्तारी देने की बात कही थी, लेकिन समर्थकों के विरोध के कारण उनका कार्यक्रम बीच में ही बदल गया। विधायक का कहना है कि वे कानूनी प्रक्रिया का सामना करने के लिए तैयार हैं और उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी है। हड़ताल के चलते कई तहसील कार्यालयों में राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित हुआ है, जिससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।













