
कोरबा: ग्रामीण बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम, लॉकर-तिजोरी तक नहीं पहुंच सका चोर
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के भैंसमा गांव स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में बीती रात चोरी की कोशिश की गई। अज्ञात चोर बैंक का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और लॉकर व अलमारियां खोलने का प्रयास किया, लेकिन तिजोरी तक पहुंचने में सफल नहीं हो सका। इसके बाद आरोपी बिना कुछ चोरी किए मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी ने बैंक के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा था। अंदर प्रवेश करने के बाद उसने ताला भी अपने साथ ले लिया। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
CCTV बंद, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
चोरी के प्रयास के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद मिले, जबकि रात के समय बैंक परिसर में कोई सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं था। सीसीटीवी बंद होने के कारण पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मामले में नकबजनी और चोरी के प्रयास का अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
सीएसपी ने बताया कि बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समय-समय पर बैठक और सर्वे किए जाते हैं। सभी बैंक एवं वित्तीय संस्थानों को सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और रात में सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा में लापरवाही मिलने पर बैंक प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।













