Home / छत्तीसगढ़ / दादरखुर्द हादसे के बाद महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत जी का संवेदनशील कदम, पीड़ित परिवार को ₹1 लाख की सहायता, हरसंभव सहयोग का भरोसा

दादरखुर्द हादसे के बाद महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत जी का संवेदनशील कदम, पीड़ित परिवार को ₹1 लाख की सहायता, हरसंभव सहयोग का भरोसा

कोरबा, 17 जुलाई। दादरखुर्द बस्ती में आवारा कुत्तों के हमले में मासूम बच्चे की मौत के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। शुक्रवार को महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और निगम की ओर से 1 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का चेक सौंपा।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम दादरखुर्द बस्ती में आवारा कुत्तों के झुंड ने प्रकाश पटेल नामक मासूम पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल बच्चे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक का परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के मोहतरा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में दादरखुर्द में रहकर मजदूरी करता है।

परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय बच्चे के माता-पिता पास में ही मजदूरी कर रहे थे। बच्चा रथयात्रा में जाने के लिए घर की ओर लौट रहा था, तभी रास्ते में कुत्तों के झुंड ने उसे घेरकर हमला कर दिया।

महापौर ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में नगर निगम उनके साथ खड़ा है। उन्होंने मृतक के पिता किशोर पटेल को 1 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान वार्ड पार्षद श्रीमती सुनीता चौहान और मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर भी मौजूद रहे।

आवारा कुत्तों को पकड़ने चला विशेष अभियान

घटना के बाद महापौर और आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम ने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष महाअभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को करीब 22 आवारा कुत्तों को पकड़कर डॉग हाउस भेजा गया। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि अभियान को तेज करने के लिए सक्ती जिले से भी डॉग स्क्वॉड टीम बुलाई गई है।

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

महापौर और आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें, विशेषकर बारिश के मौसम में जब कुत्ते अधिक आक्रामक हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही कुत्तों को भोजन देने और आवारा कुत्तों की जानकारी नगर निगम को देने की भी अपील की।

1040 कुत्तों का टीकाकरण, 425 का बधियाकरण

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि शहर में अब तक 1040 से अधिक आवारा कुत्तों का टीकाकरण और 425 कुत्तों का बधियाकरण किया जा चुका है। साथ ही प्रगतिनगर दर्री में पशु जन्म नियंत्रण एवं बधियाकरण केंद्र का निर्माण भी पूरा हो चुका है, जहां आगे भी इस अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल