रायपुर डबल मर्डर: जीजा ने दो सालियों को मारी गोली, मेडिकल स्टोर में भी की फायरिंग
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। देर रात एक युवक ने अपनी दो सालियों पर लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी इलाके में घूमता रहा और एक मेडिकल स्टोर में भी फायरिंग की, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक आरोपी जितेंद्र वर्मा पेशे से बाउंसर है। बताया जा रहा है कि पत्नी से विवाद और पारिवारिक तनाव के बाद वह गुस्से में ससुराल पहुंचा। वहां कहासुनी बढ़ने पर उसने अपनी दो सालियों गीतांजलि और दुर्गेश्वरी पर गोली चला दी। एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी पास के एक मेडिकल स्टोर में पहुंचा और वहां भी फायरिंग की। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है।













