अंबिकापुर के तेंगनीस स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था, दोपहर तक नहीं पहुंचे डॉक्टर, घंटों इंतजार करते रहे मरीज
अंबिकापुर: जिले के तेंगनीस स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। मंगलवार को अस्पताल में सुबह से ही मरीज इलाज के लिए पहुंचते रहे, लेकिन दोपहर तक डॉक्टरों के नहीं पहुंचने से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। समय पर चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिलने से मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी देखने को मिली।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों की देरी से उपस्थिति कोई नई बात नहीं है। नियमित रूप से समय पर डॉक्टर नहीं पहुंचने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई मरीज बिना इलाज कराए ही वापस लौटने को मजबूर हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल की व्यवस्था सुधारने, डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, इस मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग से जवाबदेही तय किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।













