रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: 12 आरोपी गिरफ्तार, मास्टर आईडी से चल रहा था नेटवर्क
रायपुर में पुलिस ने अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा चला रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस रैकेट का संचालन मुख्य आरोपी नमन और आयुष द्वारा किया जा रहा था। दोनों ‘मास्टर आईडी’ के जरिए पूरे नेटवर्क को कंट्रोल करते थे और एजेंटों के माध्यम से शहर व आसपास के क्षेत्रों में सट्टा फैलाया जा रहा था।
गिरोह का काम नए लोगों को जोड़ना, उन्हें आईडी उपलब्ध कराना और उनसे सट्टा खिलवाना था। इसके लिए बाकायदा “आईडी बुक” बेचकर नेटवर्क को तेजी से बढ़ाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल, लैपटॉप, सट्टा पैनल से जुड़ा डिजिटल डेटा और लेनदेन से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपए के ट्रांजैक्शन की आशंका जताई जा रही है, जिससे यह साफ है कि नेटवर्क काफी बड़े स्तर पर सक्रिय था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस कार्रवाई को शहर में तेजी से फैल रहे ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।













