Home / छत्तीसगढ़ / एनटीपीसी कोरबा की तीन यूनिट फिर शुरू, 24 घंटे बाद लौटा बिजली उत्पादन

एनटीपीसी कोरबा की तीन यूनिट फिर शुरू, 24 घंटे बाद लौटा बिजली उत्पादन

एनटीपीसी कोरबा की तीन यूनिट फिर शुरू, 24 घंटे बाद लौटा बिजली उत्पादन

 

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित एनटीपीसी पावर प्लांट में बिजली संबंधी तकनीकी खराबी के बाद बंद हुई सात यूनिट में से तीन को करीब 24 घंटे बाद दोबारा चालू कर दिया गया है। शनिवार शाम दो 500 मेगावाट और एक 200 मेगावाट की यूनिट को सफलतापूर्वक बहाल किया गया। बाकी यूनिट को भी निर्धारित सुरक्षा और संचालन प्रक्रियाओं के तहत चरणबद्ध तरीके से शुरू करने का काम जारी है।

 

शुक्रवार शाम अचानक ठप हुआ था उत्पादन

 

एनटीपीसी के कोरबा संयंत्र में शुक्रवार शाम करीब छह बजे बिजली संबंधी खराबी के बाद सभी सात यूनिट अचानक ट्रिप हो गई थीं। इससे प्लांट में बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया था। संयंत्र की कुल स्थापित क्षमता करीब 2600 मेगावाट है, जिसमें चार 500 मेगावाट और तीन 200 मेगावाट की यूनिट शामिल हैं।

 

तीन यूनिट बहाल, बाकी पर काम जारी

 

एनटीपीसी की जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार शनिवार शाम तक तीन यूनिट को सफलतापूर्वक पुनः चालू कर लिया गया। इनमें 500-500 मेगावाट की दो और 200 मेगावाट की एक यूनिट शामिल है। वहीं, एक 500 मेगावाट यूनिट में 25 अगस्त से पहले से ओवरहॉलिंग का काम चल रहा है।

 

तकनीकी खराबी की वजह की जांच

 

अधिकारियों के मुताबिक प्लांट में बिजली आपूर्ति बाधित होने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है। तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। शेष यूनिट को सुरक्षा और संचालन से जुड़े मानकों का पालन करते हुए क्रमवार बहाल किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *