
तिल्दा-नेवरा में दूध सप्लायर्स की हड़ताल, सैकड़ों लीटर दूध नदी में बहाकर जताया विरोध
तिल्दा-नेवरा। दूध के उचित दाम नहीं मिलने और लगातार बढ़ती लागत के विरोध में तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के दूध सप्लायर्स ने हड़ताल कर दी। प्रदर्शन के दौरान सप्लायर्स ने शिवनाथ नदी में सैकड़ों लीटर दूध बहाकर अपना विरोध जताया।
दूध सप्लायर्स का कहना है कि पशुओं के चारे, दाने और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि उन्हें दूध का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। इससे पशुपालकों और दूध कारोबार से जुड़े लोगों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बन रही है।
हड़ताल के चलते क्षेत्र में दूध की आपूर्ति प्रभावित हुई है और कई स्थानों पर दूध की किल्लत देखने को मिल रही है। सप्लायर्स ने मांग की है कि दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी की जाए, ताकि बढ़ती लागत के अनुरूप उन्हें उचित भुगतान मिल सके।
दूध सप्लायर्स ने स्पष्ट किया है कि मांग पूरी होने तक उनका विरोध जारी रह सकता है।













