Home / छत्तीसगढ़ / कोरबा में नशे के खिलाफ निगम की बड़ी कार्रवाई, 64 दुकानों पर कार्रवाई; 8 सील, ₹27,100 जुर्माना

कोरबा में नशे के खिलाफ निगम की बड़ी कार्रवाई, 64 दुकानों पर कार्रवाई; 8 सील, ₹27,100 जुर्माना

कोरबा में नशे के खिलाफ निगम की बड़ी कार्रवाई, 64 दुकानों पर कार्रवाई; 8 सील, ₹27,100 जुर्माना

 

कोरबा। स्कूली बच्चों और युवाओं को तंबाकू की लत से दूर रखने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। 21 अगस्त को शहर के सभी सात जोनों में हुई कार्रवाई के दौरान 64 दुकानों और ठेलों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 8 दुकानों को सील किया गया और कुल ₹27,100 का अर्थदंड वसूला गया।

 

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए अभियान में स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में दुकानों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, गुड़ाखू सहित अन्य तंबाकू उत्पाद भी जब्त किए गए।

 

अभियान के दौरान कोरबा जोन में 9, टीपी नगर में 2, कोसाबाड़ी में 16, रविशंकर नगर में 1, बालको में 7, दर्री में 11 और सर्वमंगला नगर में 10 दुकानों पर कार्रवाई की गई। वहीं कोरबा जोन की 2 और रविशंकर नगर जोन की 6 दुकानों को सील किया गया।

 

निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का जायजा लिया और दुकानदारों को शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री और भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का दोबारा उल्लंघन मिलने पर जब्ती, जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

अपर आयुक्त एवं अभियान प्रभारी पवन वर्मा के अनुसार, नशामुक्ति भारत अभियान के तहत निगम के सभी सात जोनों में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। अभियान में नगर निगम के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें भी शामिल हैं।

 

निगम की इस कार्रवाई से स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों में सख्ती का संदेश गया है। प्रशासन का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखना तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सुरक्षित वातावरण तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *