बंद पड़े कोल डिपो में लाखों की चोरी, गार्ड से मारपीट कर फरार हुए नकाबपोश बदमाश
बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र स्थित ग्राम कर्रा में बंद पड़े हिंद एनर्जी एंड कोल डिपो में नकाबपोश बदमाशों ने देर रात धावा बोलकर महंगे केबल, लोहे का सामान और पाइप चोरी कर लिए। वारदात के दौरान आरोपियों ने डिपो में तैनात गार्ड के साथ मारपीट भी की और उसे धमकाते हुए मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, डिपो लंबे समय से बंद पड़ा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर बदमाश रात के अंधेरे में परिसर में घुसे और वहां रखे कीमती सामान को वाहन में भरकर ले गए। विरोध करने पर गार्ड के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।













