एयरपोर्ट पर रील बनाना पड़ेगा भारी, DGCA ने जारी किए सख्त नियम
रायपुर समेत देशभर के एयरपोर्ट पर अब रील, वीडियो और फोटो शूट करना आसान नहीं होगा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) ने एयरपोर्ट के संवेदनशील इलाकों में वीडियो शूटिंग और रील बनाने पर सख्त प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
नई गाइडलाइन के मुताबिक सुरक्षा जांच क्षेत्र, विमान पार्किंग एरिया, रनवे और बोर्डिंग जोन जैसे संवेदनशील हिस्सों में फोटो या वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया के बढ़ते ट्रेंड के कारण सुरक्षा से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक होने का खतरा बढ़ गया है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मोबाइल जब्त करने, कानूनी कार्रवाई करने और फ्लाइट यात्रा पर रोक लगाने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन को निगरानी बढ़ाने और यात्रियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।













