49 आपराधिक मामलों वाले हिस्ट्रीशीटर पर बड़ी कार्रवाई, 6 जिलों से किया गया जिला बदर
रायपुर। हत्या, लूट, मारपीट, बलवा और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में शामिल हिस्ट्रीशीटर आशुतोष उर्फ छोटू भाण्डूलकर के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी पर कुल 49 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते उसे छह जिलों की सीमा से जिला बदर कर दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, छोटू भाण्डूलकर की लगातार आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनने की वजह से यह फैसला लिया गया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन अपराध दर्ज हैं और उसकी गतिविधियों पर लंबे समय से पुलिस की नजर थी।
जिला बदर आदेश के तहत आरोपी को रायपुर समेत छह जिलों की सीमाओं से बाहर रहने का निर्देश दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का माहौल बना रहे।













