भिलाई रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, आंधी में उड़ी कुर्सी ट्रेन के इंजन में फंसी
भिलाई। भिलाई रेलवे स्टेशन पर तेज आंधी के दौरान बड़ा रेल हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म पर रखी एक कुर्सी तेज हवा के कारण उड़कर रेलवे ट्रैक पर जा गिरी और उसी समय स्टेशन पर पहुंच रही झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर ट्रेन के इंजन में फंस गई। ट्रेन की रफ्तार धीमी होने के कारण बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत इंजन में फंसी कुर्सी को बाहर निकाला। इसके बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित कुर्सी प्लेटफॉर्म पर स्थायी रूप से कंक्रीट से नहीं जड़ी थी, जिससे तेज हवा में वह उड़कर ट्रैक तक पहुंच गई।
रेलवे अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्टेशन परिसर में रखे ढीले सामान को सुरक्षित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।













