कोरबा/पाली। कोरबा जिले के पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिटियाखार में शनिवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में धान की निराई-गुड़ाई का काम कर रहे 35 वर्षीय किसान हेमंत कंवर की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम लिटियाखार निवासी हेमंत कंवर शनिवार दोपहर अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ खेत में आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से हेमंत गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके बाद हेमंत को उपचार के लिए पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हेमंत कंवर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि वह परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से पत्नी और दो छोटे बच्चों सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना से पूरे गांव में भी शोक की लहर है।
मुआवजे की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक किसान के परिवार को शासन के प्रावधानों के अनुसार आपदा राहत राशि और उचित मुआवजा जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, ऐसे में प्रशासन की मदद बेहद जरूरी है।
स्थानीय प्रशासन द्वारा घटना की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












