
कवर्धा होम थिएटर ब्लास्ट केस: आरोपी को दोहरी उम्रकैद, दूल्हे और भाई की हुई थी मौत
कवर्धा। बहुचर्चित होम थिएटर ब्लास्ट मामले में अदालत ने आरोपी सरजू मरकाम को दोहरी उम्रकैद की सजा सुनाई है। मामले में आरोपी ने होम थिएटर के अंदर विस्फोटक लगाकर उसे शादी के उपहार के तौर पर दिया था। विस्फोट होने से दूल्हे और उसके भाई की मौत हो गई थी।
अदालत में सुनवाई के दौरान मामले से जुड़े साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी को दोषी पाया गया। इसके बाद न्यायालय ने उसे दोहरे आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
जांच में सामने आया था कि वारदात के पीछे असफल प्रेम प्रसंग का मामला था। आरोपी ने कथित तौर पर दूल्हे को निशाना बनाने के लिए होम थिएटर में विस्फोटक छिपाकर रखा था। शादी के बाद जब होम थिएटर को चालू किया गया, तब जोरदार धमाका हुआ।
विस्फोट में दूल्हे और उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी इसकी चपेट में आए थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। मामले में अदालत का फैसला आने के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।













