
प्रयास विद्यालय में रैगिंग का आरोप, विरोध करने पर जूनियर छात्रों से मारपीट
अंबिकापुर। शहर के प्रयास आवासीय विद्यालय में रैगिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा 12वीं के कुछ छात्रों ने कक्षा 11वीं के दो जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग की। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई। घटना में एक छात्र के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया कि विद्यालय परिसर में वरिष्ठ छात्रों द्वारा जूनियरों को परेशान किया जा रहा था। जब दोनों छात्रों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट की गई। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद पुलिस ने चार वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
आवासीय विद्यालय में रैगिंग की घटना सामने आने के बाद छात्रों की सुरक्षा और विद्यालय प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।













