
राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को किया नमन, उद्योग मंत्री, महापौर और सभापति ने किया माल्यार्पण
कोरबा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कोरबा-दर्री मुख्य मार्ग स्थित मेजर ध्यानचंद चौक पर खेल दिवस का आयोजन किया गया। नगर पालिक निगम कोरबा एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजूदेवी राजपूत और सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित जनप्रतिनिधियों, खेल संघों के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस दौरान अतिथियों ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के देश के प्रति योगदान और खेल जगत में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित एमआईसी सदस्य, पार्षद, खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बालको में हॉकी तथा प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम में फुटबॉल और वॉलीबाल के खिलाड़ियों के बीच मैत्रीपूर्ण मैच भी आयोजित किए गए। इस दौरान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मिल-जुलकर सहयोग करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें जिले का नाम राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों के साथ वरिष्ठ खिलाड़ियों को जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव सुरेश क्रिस्टोफर, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, दर्री प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल द्विवेदी, निगम अपर आयुक्त पवन वर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी आर.के. पाण्डेय, खेल अधिकारी रामकृपाल साहू सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं नागरिक उपस्थित रहे।













