कुरूद-अभनपुर रेल लाइन पर हाईस्पीड ट्रायल सफल, 113 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन
धमतरी। रायपुर-धमतरी ब्रॉडगेज रेल परियोजना के तहत कुरूद से अभनपुर के बीच नई रेललाइन पर हाईस्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया। ट्रायल के दौरान ट्रेन ने 24 किलोमीटर की दूरी 113 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से तय की।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रायल पूरी तरह सफल रहा और ट्रैक के साथ अन्य तकनीकी मानकों की जांच भी संतोषजनक पाई गई। इस सफलता के बाद जल्द ही रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) का निरीक्षण कराया जाएगा। उनकी मंजूरी मिलने के बाद इस रेलखंड पर नियमित यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा।
रायपुर-धमतरी ब्रॉडगेज परियोजना के इस चरण के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही धमतरी और आसपास के इलाकों की रायपुर से रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे यात्रियों के साथ व्यापार और परिवहन को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।













