शीर्षक: रायपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया विमान से टकराया पक्षी, दिल्ली जाने वाली उड़ान प्रभावित
रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह एयर इंडिया के एक विमान के लैंडिंग के दौरान बर्ड स्ट्राइक (पक्षी टकराने) की घटना सामने आई। विमान दिल्ली से रायपुर पहुंचा था। लैंडिंग के समय पक्षी टकराने के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू की गई।
तकनीकी निरीक्षण के चलते इसी विमान से संचालित होने वाली रायपुर से दिल्ली की अगली उड़ान प्रभावित हुई। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई और विस्तृत जांच की गई।
घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई नुकसान नहीं हुआ। एयरपोर्ट और एयर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है।













