लूट का विरोध करना पड़ा भारी, दुर्ग में कांग्रेस नेता की चाकू मारकर हत्या
दुर्ग जिले में कांग्रेस नेता और धमधा मंडल कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह कश्यप की लूट का विरोध करने पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना देर रात जेवरा-सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र में उस समय हुई, जब वह अपने दो साथियों के साथ भिलाई से गांव लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, रास्ते में चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मोबाइल फोन और नकदी लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से कई वार किए और करीब 4 हजार रुपये व मोबाइल लेकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर चारों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।













