हिराकुंड एक्सप्रेस के टॉयलेट से हो रही थी गांजा तस्करी, सुराग तलाशने ओडिशा जाएगी GRP
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर हिराकुंड एक्सप्रेस में गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। रेलवे पुलिस (GRP) ने ट्रेन के टॉयलेट को गांजा छिपाने और परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जाने का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया, जिसके बाद जांच एजेंसियां तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई हैं।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि गांजे की खेप ओडिशा से लाई जा रही थी और इसे विभिन्न राज्यों तक पहुंचाने की तैयारी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए GRP की टीम अब ओडिशा जाकर तस्करी से जुड़े लोगों और सप्लाई चैन के बारे में जानकारी जुटाएगी।
अधिकारियों के अनुसार तस्करों ने ट्रेन के टॉयलेट को इस तरह इस्तेमाल किया था कि सामान्य यात्रियों को किसी प्रकार का संदेह न हो। बरामद गांजे की मात्रा और उसके पैकिंग तरीके से यह संगठित तस्करी गिरोह का मामला माना जा रहा है।
GRP ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ओडिशा में पड़ताल के बाद तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













