बाइक मांगने पर बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला, पिता गिरफ्तार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में एक पिता ने अपने ही बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच नई बाइक की मांग को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गुस्से में पिता ने बेटे पर वार कर दिया।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेटे द्वारा बार-बार बाइक की मांग किए जाने को लेकर घर में विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पिता ने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













