फर्जी जन्म प्रमाण पत्र गिरोह का भंडाफोड़, यूपी से गिरफ्तार हुआ मास्टरमाइंड
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इस रैकेट के मास्टरमाइंड को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, एक सड़क दुर्घटना मामले में आरोपी ने अपने बेटे को नाबालिग साबित करने के लिए ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था। दस्तावेजों की जांच में प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए जाने पर खैरागढ़ पुलिस ने गहन पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान जन्म प्रमाण पत्र फर्जी और कूटरचित निकला।
तकनीकी जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश में बैठे मास्टरमाइंड तक पहुंच बनाई। इसके बाद विशेष टीम ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी किए हैं और इसके तार किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए कानूनी प्रक्रियाओं को प्रभावित करने की कोशिश गंभीर अपराध है और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













