मिडिल ईस्ट तनाव का असर: छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल बिक्री पर लिमिट, लोगों में बढ़ी चिंता
रायपुर। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक ईंधन आपूर्ति पर पड़ रहे असर के बीच छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की बिक्री को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। कई पेट्रोल पंपों पर एक वाहन को सीमित मात्रा में ही ईंधन देने के निर्देश जारी किए गए हैं। इससे ट्रांसपोर्ट कारोबारियों, किसानों और आम लोगों में चिंता का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और सप्लाई चेन पर दबाव के कारण प्रशासन और तेल कंपनियां एहतियाती कदम उठा रही हैं। सरकार ने फिलहाल किसी बड़े संकट से इनकार किया है, लेकिन लोगों से पेट्रोल-डीजल का जरूरत के मुताबिक उपयोग करने की अपील की गई है।
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी देशवासियों से ईंधन बचाने, सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा उपयोग करने और अनावश्यक यात्रा कम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए हर नागरिक का छोटा प्रयास भी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे सकता है।
वहीं, तेल कंपनियों पर भी आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रखे गए हैं, जिससे सरकारी तेल कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।













