अंबिकापुर में साइबर गिरोह का भंडाफोड़, 10 छात्र गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गांधीनगर पुलिस ने साइबर ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने 10 छात्रों को गिरफ्तार किया है, जो कमीशन के लालच में अपने बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए कर रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी छात्रों के खातों में गेमिंग और ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़ी रकम जमा की जाती थी। इसके बाद आरोपी एटीएम और सीडीएम मशीनों के जरिए पैसे निकालकर या दूसरे खातों में ट्रांसफर कर देते थे। इसके बदले उन्हें कमीशन दिया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और साइबर अपराधियों के लिए “म्यूल अकाउंट” के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।













