कोयला घोटाला मामले में कांग्रेस नेता युगल शर्मा हिरासत में, मॉर्निंग वॉक के दौरान EOW-ACB की कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कांग्रेस नेता युगल शर्मा को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि टीम ने कोरबा में मॉर्निंग वॉक के दौरान उन्हें पकड़ा और पूछताछ के लिए साथ ले गई।
सूत्रों के मुताबिक, कोयला लेवी घोटाले की जांच में लगातार नए नाम सामने आ रहे हैं। इसी सिलसिले में EOW-ACB की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच एजेंसियां पहले भी इस मामले में कई अधिकारियों, कारोबारियों और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों पर कार्रवाई कर चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, एजेंसियां कोयला परिवहन और अवैध वसूली से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही हैं। मामले में पहले दर्ज चार्जशीट में करोड़ों रुपये की अवैध वसूली का दावा किया गया था। अब युगल शर्मा से पूछताछ के जरिए जांच एजेंसियां मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।













