आधा हेक्टेयर जमीन पर मिला 15 करोड़ का मुआवजा, भारतमाला घोटाले में गांधी परिवार पर ED का शिकंजा
रायपुर। भारतमाला परियोजना से जुड़े बहुचर्चित मुआवजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अभनपुर निवासी जयप्रकाश गांधी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि गांधी और उनके परिवार ने जमीन अधिग्रहण मुआवजे में अनियमितताओं के जरिए करोड़ों रुपये का लाभ उठाया।
ED के अनुसार, गांधी परिवार ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के लिए अधिग्रहित लगभग आधा हेक्टेयर भूमि के बदले करीब 15 करोड़ रुपये का मुआवजा प्राप्त किया, जबकि वास्तविक पात्रता इससे कहीं कम थी। जांच में सामने आया है कि भूमि को छोटे-छोटे हिस्सों में विभाजित कर नियमों का फायदा उठाया गया और बढ़ा-चढ़ाकर मुआवजा हासिल किया गया।
एजेंसी का दावा है कि इस कथित फर्जीवाड़े के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की गई, जिसे बाद में शेयर, म्यूचुअल फंड और अन्य निवेश माध्यमों में लगाया गया। मामले की जांच मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से भी की जा रही है।
इससे पहले भी भारतमाला परियोजना के भूमि अधिग्रहण मुआवजा घोटाले में कई राजस्व अधिकारियों, बिचौलियों और अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। ED और EOW की जांच में करोड़ों रुपये के घोटाले और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर के आरोप सामने आए हैं।
फिलहाल ED मामले में अन्य लाभार्थियों, बिचौलियों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।













