बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह हत्याकांड: मुआवजा और संविदा नौकरी की घोषणा के बाद परिजनों ने खत्म किया धरना
बिलासपुर के बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या के मामले में मृतक के परिजनों ने अपना धरना समाप्त कर दिया है। प्रशासन द्वारा आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को संविदा नौकरी देने का आश्वासन मिलने के बाद परिजन प्रदर्शन खत्म करने पर राजी हो गए।
जानकारी के अनुसार, परिजन घटना के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, उचित मुआवजा और परिवार के लिए रोजगार की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा के बाद मुआवजा राशि तथा परिवार के एक सदस्य को संविदा नियुक्ति देने पर सहमति बनी, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बिलासपुर के बाल संप्रेक्षण गृह में चार बंदियों ने चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और वहां से फरार हो गए थे। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।












