बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, जंगलों से माओवादियों के हथियार और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने बस्तर के घने जंगलों में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए कई विस्फोटक डंप का पता लगाया और वहां से हथियार, विस्फोटक सामग्री तथा अन्य नक्सली सामान का बड़ा जखीरा बरामद किया।
सुरक्षाबलों को खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया था। तलाशी के दौरान जमीन के भीतर बनाए गए ठिकानों और छिपाए गए डंप से बड़ी मात्रा में विस्फोटक, हथियार, गोला-बारूद तथा बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। बरामद सामग्री को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कब्जे में लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई माओवादियों की साजिशों को विफल करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है। सुरक्षाबलों का सर्च अभियान क्षेत्र में लगातार जारी है और माओवादियों के खिलाफ अभियान को और तेज किया गया है।













