राजनांदगांव में पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश नाकाम, तीन आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पद्मश्री सम्मानित समाजसेविका फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस की सतर्कता से यह प्रयास समय रहते विफल कर दिया गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह आरोपियों ने योजना के तहत फूलबासन बाई को उनके गांव सुकुलदैहान स्थित घर से बाहर बुलाया। एक महिला ने उन्हें यह कहकर कार तक बुलाया कि बाहर बैठी दिव्यांग महिला उनके साथ सेल्फी लेना चाहती है। जैसे ही वह कार में बैठीं, आरोपी उन्हें जबरन लेकर भाग निकले।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने उनका हाथ बांध दिया और मुंह पर कपड़ा बांधकर उन्हें चुप कराने की कोशिश की। इसी दौरान चिखली चौकी के पास पुलिस की नियमित वाहन जांच चल रही थी। संदेह होने पर पुलिस ने कार रोकी और अंदर की स्थिति देखकर तुरंत कार्रवाई की। एक पुलिसकर्मी ने फूलबासन बाई को पहचान लिया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित छुड़ा लिया गया।
आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए महिला को बीमार बताकर अस्पताल ले जाने की बात कही, लेकिन उनकी चाल काम नहीं आई। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी पिछले कुछ महीनों से फूलबासन बाई के संपर्क में थी और महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हुई थी। पुलिस अब इस मामले के पीछे के मकसद और संभावित बड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
फूलबासन बाई यादव छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बड़ा नाम हैं और हजारों महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का कार्य कर चुकी हैं। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।













