
मोबाइल गुम होते ही खाते से उड़ाए 5.12 लाख, UPI के जरिए कई बार निकाली रकम
दुर्ग/पाटन। दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन गुम होने के बाद एक व्यक्ति के बैंक खाते से करीब 5 लाख 12 हजार रुपये निकाल लिए गए। बताया जा रहा है कि अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल में सक्रिय यूपीआई सुविधा का इस्तेमाल कर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाल ली।
मोबाइल गुम होने के बाद जब पीड़ित को बैंक खाते से रकम निकलने की जानकारी मिली तो उसके होश उड़ गए। खाते से लगातार यूपीआई ट्रांजेक्शन किए गए थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पाटन थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस साइबर फ्रॉड से जुड़े ट्रांजेक्शन और मोबाइल फोन के इस्तेमाल की जानकारी जुटा रही है। साथ ही रकम जिन खातों या यूपीआई आईडी में ट्रांसफर हुई, उनका भी पता लगाया जा रहा है।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें ये काम:
मोबाइल खोने की स्थिति में सबसे पहले सिम को बंद करवाना, बैंक खाते और यूपीआई सेवाओं को सुरक्षित करना तथा संबंधित बैंक को सूचना देना जरूरी है। किसी भी अनधिकृत लेन-देन की जानकारी मिलते ही तत्काल बैंक और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करनी चाहिए।













