स्कूल खुलते ही बच्चों को मिलेंगे दो-दो यूनिफॉर्म सेट, छत्तीसगढ़ सरकार ने बदली पुरानी व्यवस्था
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को इस बार नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही दो-दो सेट यूनिफॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। राज्य सरकार ने वर्षों पुरानी व्यवस्था में बदलाव करते हुए यह फैसला लिया है, ताकि छात्रों को सत्र की शुरुआत से ही गणवेश मिल सके।
जानकारी के अनुसार, पहले विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म मिलने में काफी समय लग जाता था, जिससे उन्हें नए सत्र के शुरुआती दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब स्कूल खुलने के साथ ही गणवेश वितरण की तैयारी की गई है। इससे छात्रों और अभिभावकों को राहत मिलेगी तथा स्कूलों में एकरूपता भी बनी रहेगी।
शिक्षा विभाग ने यूनिफॉर्म वितरण की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं भी समय पर मिलें और वे बिना किसी बाधा के नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कर सकें।













