
तलाक को लेकर पति-पत्नी में विवाद, महिला आरक्षक पर शिक्षक पति से मारपीट का आरोपबिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सरकारी शिक्षक और उसकी महिला आरक्षक पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। शिक्षक ने अपनी पत्नी और सास पर मारपीट करने, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।दूसरी शादी की बात पर शुरू हुआ विवादजानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के डभरा क्षेत्र के ग्राम तेंदुमुंडी छिपिया निवासी किसन कुमार प्राथमिक शाला पथरी में सरकारी शिक्षक हैं। वह परिवार से मिलने के लिए 26 सितंबर को गांव पहुंचे थे। उस समय उनकी सास रोहणी बाई भी घर पर मौजूद थीं।शिक्षक की शिकायत के मुताबिक, 27 सितंबर की रात करीब 2 बजे उनकी पत्नी शकुंतला बंजारे ने कहा कि वह अब उनके साथ नहीं रहना चाहती और दूसरी शादी करना चाहती है। इसके लिए उसने पति से तलाक देने की बात कही।तलाक से इनकार करने पर मारपीट का आरोपशिक्षक ने तलाक देने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद पत्नी और सास ने गाली-गलौज करते हुए शिक्षक के साथ लात-मुक्कों से मारपीट की।शिक्षक ने पुलिस को यह भी बताया कि पत्नी ने खुद को रेलवे पुलिस में पदस्थ बताते हुए उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके अलावा रेलवे ट्रैक पर फेंक देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।पुलिस ने दर्ज किया मामलामारपीट के बाद किसन कुमार सिरगिट्टी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर पत्नी शकुंतला बंजारे और सास रोहणी बाई के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।पत्नी ने भी पति पर लगाया था मारपीट का आरोपमामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। शिक्षक की शिकायत से करीब चार दिन पहले महिला आरक्षक ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पति पर चरित्र को लेकर शंका करने और मारपीट करने का आरोप लगाया था। उसकी शिकायत पर भी पुलिस ने अपराध दर्ज किया था।अब दोनों पक्षों की शिकायतें पुलिस के सामने हैं। पुलिस दोनों शिकायतों के आधार पर पूरे पारिवारिक विवाद की जांच कर रही है।












