महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं महिला पार्षदों ने जेल में बंदियों को बांधी राखी

कोरबा। रक्षाबंधन के अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की पहल पर जिला जेल में रक्षा सूत्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर के साथ नगर पालिक निगम कोरबा की महिला पार्षदों ने जिला जेल पहुंचकर बंदियों को राखी बांधी और उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान महिला जनप्रतिनिधियों ने जेल में निरुद्ध बंदियों को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया। उन्होंने बंदियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
महिला पार्षदों ने बंदियों से यह संकल्प भी लिया कि वे भविष्य में ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे, जिसके कारण उन्हें दोबारा जेल आने की नौबत आए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जीवन में हुई गलतियों से सीख लेकर बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बंदियों में सुधार, सामाजिक जिम्मेदारी और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की भावना को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य धनकुमारी गर्ग, ममता यादव, पार्षद धनश्री साहू, प्रभा राठौर, रूबीदेवी सागर, आरती सिंह, चंद्रकली जायसवाल, चंदादेवी, सुलोचना यादव, सीमा कर्ष, हारबाई यादव और सरिता कौशिक सहित अन्य महिला जनप्रतिनिधि मौजूद रहीं। वहीं एमआईसी सदस्य सरोज शांडिल्य, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, पूर्व पार्षद सुशील गर्ग एवं जेलर अमित साहू भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
रक्षा सूत्र कार्यक्रम के माध्यम से जनप्रतिनिधियों ने यह संदेश दिया कि समाज में सुधार और पुनर्वास की भावना को बढ़ावा देना जरूरी है। बंदियों को भी समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने और भविष्य में अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।













