
जांजगीर-चांपा: रात में परिवार के साथ खाना खाया, सुबह खेत में पेड़ से लटका मिला 21 वर्षीय युवक का शव
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के खिसोरा गांव में 21 वर्षीय युवक का शव खेत की मेड़ पर पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उदय कुमार कश्यप के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, उदय कुमार ने सोमवार रात परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार सुबह उसके पिता की नींद खुली तो वह कमरे में नहीं मिला। परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने पेड़ से युवक का शव लटका देखा। उन्होंने इसकी सूचना गांव के सरपंच को दी। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान उदय कुमार के रूप में की।
घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल किया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मोबाइल फोन और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।













