
हाईकोर्ट सख्त: ब्लैक स्पॉट और टोल प्लाजा पर ट्रकों की कतार को लेकर मांगा जवाब
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते सड़क हादसों को लेकर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को लेकर अधिकारियों से जानकारी मांगी है। साथ ही टोल प्लाजा पर ट्रकों की लंबी कतार और इससे सड़क सुरक्षा पर पड़ने वाले असर को लेकर भी जवाब तलब किया है।
कोर्ट के सामने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़े पेश किए गए। रिपोर्ट में ब्लैक स्पॉट के सुधार, सड़क की स्थिति, स्ट्रीट लाइट की कमी और आवारा मवेशियों के कारण होने वाले हादसों का मुद्दा उठाया गया। कोर्ट ने सड़क सुरक्षा के लिए संबंधित विभागों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
सुनवाई के दौरान कोयला और फ्लाई ऐश परिवहन से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई गई। ट्रकों से उड़ने वाली धूल और खुले में फ्लाई ऐश परिवहन को हादसों की एक वजह बताया गया। इस मामले में संबंधित कंपनियों और अधिकारियों से भी जवाब मांगा गया है।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के लिए केवल निर्देश देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ब्लैक स्पॉट समेत दुर्घटना संभावित स्थानों पर समयबद्ध तरीके से सुधार कार्य किए जाने चाहिए। कोर्ट की निगरानी में अब संबंधित विभागों से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी जा रही है।













