Home / छत्तीसगढ़ / Bango Dam Water Level: बांगो बांध में 89.55% जलभराव, कभी भी खोले जा सकते हैं गेट; हसदेव नदी किनारे अलर्ट

Bango Dam Water Level: बांगो बांध में 89.55% जलभराव, कभी भी खोले जा सकते हैं गेट; हसदेव नदी किनारे अलर्ट

कोरबा, 08 अगस्त 2026। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में जलाशय में करीब 89.55 प्रतिशत जलभराव हो चुका है। पानी की आवक और जलस्तर में और बढ़ोतरी होने की स्थिति में माचाडोली स्थित बांध के गेट खोले जा सकते हैं। इसे देखते हुए हसदेव नदी के किनारे और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन तथा जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

जलस्तर बढ़ा तो हसदेव नदी में छोड़ा जाएगा पानी

मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक-3 माचाडोली के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जलाशय में पानी की आवक बढ़ रही है और जलभराव लगातार बढ़ता जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर माचाडोली स्थित बांध से हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जाएगा।

गेट खोले जाने के बाद हसदेव नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

बाढ़ क्षेत्र से संपत्तियां सुरक्षित स्थानों पर हटाने के निर्देश

जल संसाधन विभाग ने हसदेव नदी के किनारे संभावित बाढ़ क्षेत्र में मौजूद चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थानों पर हटाने की सूचना जारी की है। इसके साथ ही बाढ़ क्षेत्र में आने वाली खनिज खदानों के ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य संस्थानों को भी अपनी मशीनरी, सामान एवं अन्य संपत्तियां सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अचानक बाढ़ आने से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।

संभावित प्रभावित गांवों में मुनादी कराने के निर्देश

बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रभावित और संभावित बाढ़ क्षेत्र में आने वाले गांवों में बाढ़ चेतावनी की मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग जलाशय के जलस्तर तथा पानी की आवक पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

संभावित बाढ़ क्षेत्र में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड़, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोड़ा, हथमार, झोरा और सिरकीकला शामिल हैं।

हसदेव नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील

जलाशय में पानी की आवक और जलस्तर बढ़ने पर बांध के गेट खोले जाने के बाद हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में नदी के किनारे रहने वाले लोगों, बाढ़ संभावित क्षेत्रों में मौजूद संस्थानों और संबंधित इकाइयों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक रूप से नदी किनारे न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल