चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मिली मंजूरी, सीएम विष्णु देव साय ने पीएम मोदी का जताया आभार
रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा 755 करोड़ रुपये की लागत वाली चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति को नई गति देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चांपा-कोरबा रेलखंड देश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। तीसरी रेल लाइन बनने से कोयला परिवहन क्षमता बढ़ेगी, मालगाड़ियों का संचालन सुगम होगा और बिजली उत्पादन इकाइयों तक कोयले की आपूर्ति अधिक तेज और प्रभावी तरीके से हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और आधुनिक अधोसंरचना के विजन को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।













