पॉश कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी: घर में मौजूद था परिवार, नकदी और लाखों के जेवर लेकर फरार हुए चोर
रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित एक पॉश कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। कारोबारी के बंगले को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और करीब 10 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार, चोर घर में घुसकर अलमारी में रखे करीब सात से आठ तोला सोने के आभूषण, चांदी के जेवर और नकदी पार कर गए। घटना का पता चलने पर परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके के रहवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।












