NEET पेपर लीक के विरोध में बिलासपुर में बवाल, नेहरू चौक पर घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
बिलासपुर में नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और छात्रों ने नेहरू चौक पर जमकर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई।
प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट घेराव का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान धक्का-मुक्की और हंगामा कई घंटों तक चलता रहा। हालात बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें कई छात्र और कार्यकर्ता घायल हो गए।
एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामले ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। संगठन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
घटना के बाद नेहरू चौक और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दे रहे हैं।













