कोरबा में तेंदुए का आतंक: 48 घंटे में बैल और भैंस का किया शिकार, दहशत में ग्रामीण
कोरबा जिले के पसरखेत वन परिक्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बीते 48 घंटों के भीतर तेंदुए ने अलग-अलग गांवों में एक बैल और एक भैंस का शिकार कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तेंदुए ने पहले कोरकोमा क्षेत्र में एक बैल को अपना शिकार बनाया, जबकि अगले ही दिन कोलगा क्षेत्र में एक भैंस पर हमला कर उसे मार डाला। लगातार दो घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने जंगल और खेतों की ओर जाना कम कर दिया है तथा पशुपालकों में भी भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की निगरानी बढ़ाने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं वन विभाग की टीम घटनास्थलों का निरीक्षण कर तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय अकेले जंगल की ओर न जाने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की अपील की है। लगातार हो रहे हमलों से क्षेत्र के लोगों में भय बना हुआ है और वे तेंदुए को पकड़ने या उसके आतंक से राहत दिलाने की मांग कर रहे हैं।













