500 CCTV कैमरों की जांच से सुलझी लूट की गुत्थी, नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर पुलिस ने मोपका बायपास क्षेत्र में हार्वेस्टर चालक से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार, कबीरधाम जिले का रहने वाला हार्वेस्टर चालक रात करीब 12:30 बजे मोपका बायपास से गुजर रहा था, तभी आरोपियों ने उसे रोककर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
लगातार जांच और फुटेज विश्लेषण के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस कार्रवाई को बिलासपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।













