रायपुर में राष्ट्रीय आम महोत्सव का आकर्षण, 250 से अधिक किस्मों के आमों ने खींचा लोगों का ध्यान
रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव में 250 से अधिक किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश की दुर्लभ और लोकप्रिय आम की किस्मों को प्रदर्शित किया गया है, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में आम प्रेमी, किसान, विद्यार्थी और उद्यमी पहुंच रहे हैं।
महोत्सव का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी संचालनालय तथा अन्य संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है। यहां आम के फलों के साथ-साथ आम से बने उत्पादों और पौधों की प्रदर्शनी एवं बिक्री भी की जा रही है। आयोजन में आम आधारित व्यंजन और सजावट प्रतियोगिताएं भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान किसानों के लिए तकनीकी मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें विशेषज्ञों ने उन्नत आम उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन से जुड़ी जानकारी साझा की। साथ ही सफल आम उत्पादकों और उद्यमियों ने अपने अनुभव भी बताए, जिससे युवाओं को कृषि आधारित उद्यमों की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
आयोजकों का कहना है कि महोत्सव का उद्देश्य आम की विविध किस्मों को बढ़ावा देना, किसानों की आय में वृद्धि करना और आम आधारित उद्योगों एवं एग्री-उद्यमिता को प्रोत्साहित करना है। राज्यपाल ने भी कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में “मैंगो टूरिज्म” की संभावनाओं पर जोर देते हुए इसे किसानों और पर्यटन क्षेत्र के लिए लाभकारी बताया।













